
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार।राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना आज हरिद्वार दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के विकास, अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक न्याय को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।
इसके बाद बीएचईएल स्थित त्रिशूल अतिथिगृह में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण और उत्पीड़न के मामलों में संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने और छात्रों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।
