जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। खेल महाकुंभ-2026 के तहत रोशनाबाद का योगस्थली खेल परिसर 25 से 27 सितंबर तक खेल प्रतिभाओं से गुलजार रहेगा। यहां संसदीय क्षेत्र स्तर की लोकसभा सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 सितंबर को सुबह 11 बजे लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे।
प्रतियोगिता में विधानसभा स्तर पर चयनित खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुर्गा-झपट, पिट्टू और वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे। वहीं संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखम्ब, रस्साकशी, गोली (कंचा), बैडमिंटन और फुटबॉल की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
तीन दिन अलग-अलग मुकाबले
25 सितंबर को हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं होंगी। 26 सितंबर को ज्वालापुर, हरिद्वार शहरी, रानीपुर, हरिद्वार ग्रामीण, कलियर, धर्मपुर, डोईवाला और ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। 27 सितंबर को शेष निर्धारित प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
प्रतियोगिताएं अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में होंगी। मलखम्ब के मुकाबले भी अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में होंगे।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता स्थल पर सुबह 8:30 बजे अनिवार्य रूप से पहुंचने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इससे प्रतियोगिताओं का संचालन समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से कराया जा सकेगा।
