24 सितंबर की लूट का 27 सितंबर को खुलासा, स्विफ्ट कार समेत सामान बरामद; दो आरोपी अब भी फरार

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। सिडकुल की रानी रो नदी के पास तमंचा दिखाकर बाइक और मोबाइल लूटने वाले गिरोह तक पुलिस पहुंच गई। 24 सितंबर को हुई वारदात का पुलिस ने 27 सितंबर को खुलासा करते हुए दो आरोपियों दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद हुए हैं। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।

थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि
अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने 24 सितंबर को सिडकुल थाने में तहरीर दी थी। उसके मुताबिक रानी रो नदी के पास चार अज्ञात युवकों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर बाइक और मोबाइल लूट लिया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 402/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने 27 सितंबर को नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में देहरादून का जिक्र
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दीपक ने बताया कि 23 सितंबर को रायपुर, देहरादून में एक महिला से जुड़े मामले के बाद गिरफ्तारी के डर से वह और उसके साथी हरिद्वार आए थे। पुलिस ने इसे पूछताछ में सामने आया कथन बताया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को दीपक और उसके तीन साथी पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास गए थे। आरोप है कि पैसों की कमी होने पर उन्होंने नदी किनारे कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को तमंचा दिखाकर बाइक, मोबाइल और पर्स लूट लिया।

पुलिस के मुताबिक, दो अन्य साथी बाइक और मोबाइल बेचने गए थे और अब तक वापस नहीं लौटे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
मुकदमा: थाना सिडकुल, अपराध संख्या 402/2026, धारा 309(4) बीएनएस।
बरामदगी: स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और ₹1,000 नकद।
