
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार।आगामी 28 मई को मनाई जाने वाली ईद-उल-अजहा यानी बकरा ईद को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस और मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। एसएसपी हरिद्वार ने साफ कहा है कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर ही की जाए और कुर्बानी के वेस्ट मैटेरियल को गड्ढे में दबाया जाए या डस्टबिन में डाला जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट वायरल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। एसएसपी ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी की बात कहते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति भड़काऊ पोस्ट वायरल करता है या माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति घर में कुर्बानी करता है तो अवशेषों को खुले में न छोड़ा जाए बल्कि गड्ढा खोदकर दबा दिया जाए।
प्रशासन और धर्मगुरुओं की अपील है कि सभी लोग मिलजुलकर भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
