जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग (विद्यार्थी) के शुभारंभ से पूर्व बुधवार को सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर-2 रानीपुर भेल में हवन और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस दौरान वर्ग के सफल और निर्विघ्न संचालन की कामना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभप्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र और वर्ग के सर्वाधिकारी प्रवीण जी ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। वैदिक आचार्यों के निर्देशन में यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें वर्ग के शिक्षक और व्यवस्था टोली के कार्यकर्ताओं ने आहुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया।
‘ॐ संघशक्ति कलयुगे’ और ‘विश्व हिंदू विजयते’ के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि हनुमान जी सेवा, शक्ति और अनुशासन के प्रतीक हैं और संघ शिक्षा वर्ग का उद्देश्य भी ऐसे राष्ट्रभक्त कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। वर्ग कार्यवाह रमेश ने बताया कि 28 मई से शुरू होने वाले 20 दिवसीय आवासीय वर्ग में उत्तराखंड के 13 जिलों से 385 शिक्षार्थी स्वयंसेवक भाग लेंगे, जिन्हें शारीरिक, बौद्धिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग व्यक्ति निर्माण की प्रयोगशाला है। इस अवसर पर क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम जी, क्षेत्र संत संपर्क प्रमुख ईश्वर दयाल, प्रांत सह प्रचारक चंद्रशेखर, जिला संघचालक डॉ. यतींद्र नाग्यान, विभाग कार्यवाह लोकेंद्र र्थवाल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
