खराद मशीन से बना रहे थे अवैथ तमंचे

हरिद्वार।गंगनहर कोतवाली पुलिस ने अवैध असलहा बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर मौके से कई अवैध तमंचे, अधबनी पिस्टल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत गंगनहर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुनहरा सलेमपुर रोड स्थित एक वर्कशॉप में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जेपीएस टोटल सोल्यूशन वर्कशॉप में छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस ने मौके से छह अवैध तमंचे, एक अधबनी पिस्टल, एक अधबनी .22 बोर राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने मौके से जावेद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पुश्तैनी काम खराद यानी मशीन वर्क का है। इसी हुनर का फायदा उठाकर वह अपनी वर्कशॉप में डाई यानी फॉर्मा बनाकर अवैध तमंचे और पिस्टल तैयार करता था। पुलिस को मौके से जिंदा और खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं। फिलहाल आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उससे पूछताछ जारी है कि वह इन हथियारों को किन लोगों को सप्लाई करता था।।फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में कई और खुलासे हो सकते हैं।
