नारेबाजी के दौरान दोनों पक्षों में तनातनी, पुलिस ने संभाली स्थिति

बहादराबाद।(क्षेत्र स्थित जय मैक्सवेल अस्पताल और भीम आर्मी नेताओं के बीच विवाद गहराता जा रहा है। रविवार को अस्पताल में बार-बार हो रहे हंगामे से नाराज कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल कर्मचारियों ने भीम आर्मी नेता तेज प्रताप सैनी के होटल के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई की स्थिति भी बन गई।
बहादराबाद स्थित जय मैक्सवेल अस्पताल में हाल के दिनों में एक मरीज की मौत के बाद भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया था। अस्पताल कर्मचारियों का आरोप है कि आए दिन होने वाले हंगामे से अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी से नाराज होकर रविवार को कर्मचारी तेज प्रताप सैनी के होटल के बाहर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात किया गया। अस्पताल से जुड़े डॉ. गौरी का कहना है कि भीम आर्मी के कुछ नेता आए दिन किसी न किसी बहाने अस्पताल में आकर हंगामा करते हैं। इससे अस्पताल बंद होने की स्थिति बन रही है, जिससे कर्मचारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
वहीं डॉ. शमीम अहमद ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर अस्पताल में आकर माहौल खराब करते हैं और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। डॉ. प्रभात ने भी आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन पर अवैध वसूली का दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
