कांवड़ यात्रा में रिकॉर्ड भीड़! सात दिन में 1.80 करोड़ शिवभक्तों ने भरा गंगाजल

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था का सैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। कांवड़ मेले के सातवें दिन बुधवार को 37 लाख 30 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 1 करोड़ 80 लाख 55 हजार शिवभक्त हरकी पैड़ी और अन्य गंगा घाटों से जल भरकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बुधवार को हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। गंगा घाटों, कांवड़ पटरी मार्गों और प्रमुख मार्गों पर दिनभर श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब नजर आया। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा

एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के लिए पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मोर्चे पर डटे हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित कांवड़ मार्गों का पालन करने, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने और स्वच्छ व सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग की अपील की है।
