
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। जनपद में 9 से 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा 2026” अभियान पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
डीएम ने कहा कि अभियान के तहत तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा सेल्फी बूथ और विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सरकारी भवनों, पुलों, बाजारों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों को तिरंगा-थीम की रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा।
विद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक प्रसंग, तिरंगा कला-कृतियां और ‘वंदे मातरम्’ आधारित कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों, स्थानीय निकायों और औद्योगिक इकाइयों को समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें।
