जया मैक्सवेल अस्पताल पर गंभीर आरोप
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार।हरिद्वार के बहादराबाद स्थित जया मैक्सवेल अस्पताल में कथित अनियमितताओं और लापरवाही के आरोपों को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बड़ी संख्या में सीएमओ कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को अस्पताल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जिसके बाद से परिजनों और संगठन में भारी आक्रोश है। भीम आर्मी का कहना है कि यह मौत अस्पताल की लापरवाही का परिणाम हो सकती है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच बेहद जरूरी है।इसी मांग को लेकर संगठन लगातार स्वास्थ्य विभाग पर दबाव बना रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी नेताओं ने जिलाधिकारी के नाम उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में तैनात कुछ डॉक्टरों की योग्यता संदिग्ध प्रतीत होती है और उनकी डिग्रियों की जांच होना आवश्यक है। नेताओं का यह भी कहना है कि बीते दिनों में भी कथित लापरवाही के कारण कई मरीजों की जान जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस बीच उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि आज भीम आर्मी एकता मंच की ओर से एक ज्ञापन दिया गया है। उन्होंने बताया कि 14 मार्च को जया मैक्सवेल अस्पताल में हुई मृत्यु के मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहले ही एक जांच पैनल गठित किया गया था, लेकिन भीम आर्मी कार्यकर्ता उस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में आज दोबारा ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, भीम आर्मी ने मांग की है कि अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों की सूची और उनकी डिग्रियों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
बाइट – जितेंद्र कुमार उप जिलाधिकारी
बाइट – महक सिंह , पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आजाद समाज पार्टी
