
बहादराबाद। योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद सोमवार को योग और खेल प्रतिभाओं का मंच बन गया। युवा कल्याण विभाग की ओर से खेल महाकुंभ 2026-27 के तहत मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के साथ हुई। इसके बाद मंत्री की मौजूदगी में खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। मदन कौशिक ने कहा कि खेल महाकुंभ युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से पहुंचे अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिकाओं तथा अंडर-25 बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में खेल एवं शिक्षा विभाग के शिक्षक, निर्णायक और युवा कल्याण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विकास तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी मौ. मुस्तफा खान, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडेय, जिला क्रीड़ाधिकारी रविंद्र भंडारी समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
