
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए प्रशासन ने काम तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन आने वाली सड़कों पर मरम्मत, पैचवर्क और डामरीकरण का काम दिन-रात कराया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की सुरेश तोमर के मुताबिक एनएच-334ए के प्रदार्था क्षेत्र में क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त हिस्सों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जा रही है। काम की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर निरीक्षण कर रहे हैं।
डीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि सड़क मरम्मत के काम में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा किया जाए। प्रशासन का कहना है कि सड़कों की हालत सुधरने से स्थानीय लोगों के साथ हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी आवागमन में राहत मिलेगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य दिया है। इसके चलते हरिद्वार में भी संबंधित विभागों ने सड़क मरम्मत के काम में तेजी पकड़ ली है।
